डाइटिंग करने वालों के लिए सेब एक बहुत उपयोगी फल है। आइए देखें इसके कुछ फायदे:
यह भूख पर नियंत्रण रखता है – सेब में पैक्टिन नामक फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है। यह फाइबर आसानी से घुल जाता है और इसमें शरीर में पानी को बनाए रखने की बहुत अधिक क्षमता होती है। जब शरीर में अधिक पानी जमा रहता है, तो पेट भरा भरा होता है और इसीलिए जल्दी भूख नहीं लगती। सेब के खाने से पेट भरा सा लगता है और अनावश्यक भोजन खाने की चाह नहीं होती।

ब्लड शुगर को स्थिर रखता है – कनाडा के एक डॉक्टर ने अध्ययन करके पता लगाया है कि कुछ फलों के खाने से रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ जाता है, पर सेब के खाने पर यह सबसे कम रहता है। जब ब्लड शुगर धीरे धीरे ऊपर चढ़ता है तब वह देर तक ऊंचा रहता है और इस तरह ऊर्जा का स्तर स्थायी रहता है एवं भूख जल्दी नहीं लगती। सेब, चोकरयुक्त रोटी या स्पैगेटी, मसूर की दाल या दही में ब्लड शुगर को स्थिर रखने का स्तर सबसे अधिक है। इसके बाद संतरे व मुसम्मी का नंबर आता है और केला खाने से यह स्तर सबसे अधिक तेजी से बढ़ता है।
पाचन में सहायक – सेब का पैक्टिन शरीर में अधिक पानी पहुंचाकर और मल को मुलायम करके कब्ज की शिकायत को दूर करता है। पैक्टिन व सेब में पाए जाने वाले अन्य हल्के एसिड पेचिश में भी लाभदायक होते हैं, क्योंकि यह पाचन नली में जमा विषाक्त पदार्थ के साथ मिलकर उसे बाहर निकालने में सहायक होते हैं।

कम कैलोरी पहुंचाता है – सेब का पैक्टिन शरीर में पचायी जाने वाली चर्बी को कम करता है। इसकी वजह से शरीर में कम कैलोरी पहुंचती है। पैक्टिन के कारण मल के द्वारा 40 प्रतिशत चर्बी बाहर निकल जाती है।

कॉलेस्ट्रॅाल घटाता है – सेब के खाने से ब्लड कॉलेस्ट्रॅाल का स्तर गिरता है। अध्ययन करने पर पता चला है कि जिन लोगों ने भोजन में सेबों का सेवन अधिक किया, उनका कोलेस्ट्रॉल का स्तर 10 प्रतिशत घटा। डाइटिंग करने वालों को अण्डा, कलेजी व अन्य ऊंचे कोलेस्ट्रॉल वाले भोजन के साथ प्रतिदिन सेब जरूर खाना चाहिए।
सिर का दर्द कम होता है – शोध के अनुसार जो लोग नियमित रूप से सेब खाते हैं, उन्हें सिर में दर्द बहुत कम होता है। इससे पाचन दुरूस्त रहता है व ब्लड शुगर का स्तर कम रहता है और इन्हीं दोनों कारणों से सिर दर्द नहीं होता।

डाइटिंग करने वाले सेब ऐसे खाएं
1 . नाश्ते में दलिए या अन्य सीरियल कॉर्नफ्लेक्स इत्यादि के ऊपर सेब के छोटे छोटे टुकड़े डालकर खाएं।
2 . सिरके में सेब के टुकड़े डालकर थोड़ी सी जावित्री का पाउडर डालकर खाएं।
3 . सेब को टुकड़ों में काटकर उस पर नींबू का रस छिड़कें और थोड़ा सा दालचीनी का पाउडर। अब प्यालियों में इन टुकड़ों को डालकर ऊपर से एकदम बर्फीला एपिलजूस डालकर खाएं।
4 . अनन्नास के फांकों को कुचलकर उसमें सेब की पतली कटी फांकें व साबुत अंगूर मिलाएं, ठंडा करें, तब खाएं।
5 . सेब को कददूकस करके सलाद में मिलाएं।
मिक्सी में सेब की प्यूरी बनाकर खाएं। यह मीट की डिश के साथ खायी जाती है।
सेब को खाने का तरीका मनपसंद हो तो कोई हर्ज नहीं, पर इतना ध्यान रखें कि इसे खाने के चक्कर में ऐसी चीजों के साथ न खाएं, जिनमें कैलोरी बहुत हो।
दमयंती रैना